मंत्री हेमंत मीणा ने 4 नई एंबुलेंस को दिखाई हरी-झंडी:आदिवासी बहुल ग्रामीण क्षेत्र में देंगी सेवाएं, बोले- चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बना रही है सरकार

आदिवासी बहुल क्षेत्र की ग्रामीणों को सुलभ और त्वरित सेवाएं पहुंचाने की एक और पहल की गई है। चिकित्सा विभाग की ओर से प्रतापगढ़ जिले को चार नई 108 एंबुलेंस प्रदान की गई हैं। रविवार को कैबिनेट राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को उनकी निर्धारित लोकेशनों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में डबल इंजन की सरकार दूर-दराज और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ और विस्तारित कर रही है, और प्रतापगढ़ जिला भी इसका हिस्सा है। मंत्री ने यह भी बताया कि जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए वे चिकित्सा विभाग के मंत्री से संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में केंद्र की मदद से क्रिटिकल केयर ब्लॉक लगभग तैयार है और आईपीएचएल लैब पूरी क्षमता से काम करना शुरू कर चुकी है। नए नर्सिंग कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है, जिससे जल्द ही प्रतापगढ़ जिले में मानव संसाधन की कमी को पूरा कर लिया जाएगा। इससे पहले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा और पीएमओ डॉ. ओपी दायमा ने अस्पताल परिसर में मंत्री का भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में एएनएमटीसी और नर्सिंग महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, साथ ही चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने राजस्व मंत्री को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर परिसर में आमजन की सुख-समृद्धि के लिए पूजा अर्चना की गई। इसके बाद, वैदिक रीति रिवाज से एंबुलेंस की पूजा कर ईएमटी और पायलट को फूल-माला पहनाकर एंबुलेंस की चाबी और श्रीफल भेंट किया गया। इन चार नई लोकेशन पर तैनात की गई 108 एंबुलेंस मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने बताया कि जिले में वर्तमान में 16 एंबुलेंस कार्यरत थीं। रविवार को 4 नई एंबुलेंस जुड़ने के बाद जिले में एंबुलेंस का बेड़ा बढ़कर 20 हो गया है। इसके अलावा, 12 जननी एक्सप्रेस भी क्षेत्र में सेवाएं प्रदान कर रही हैं। नई एंबुलेंस बारावरदा, हथुनिया, निनोर और धमोत्तर लोकेशनों पर तैनात की गई हैं। आईपीएचएल लैब में कल्चर मशीन का उद्घाटन प्रतापगढ़ में अब चिकित्सक द्वारा लिखी गई जांचों में कल्चर की भी जांच की जा सकेगी। रविवार को राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने आईपीएचएल लैब के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में पहुंचकर कल्चर मशीन का उद्घाटन किया। पैथोलॉजिस्ट डॉ. दिलीप खटिक ने बताया कि पहले जिले में कल्चर की सुविधा नहीं थी, लेकिन अब इस मशीन के आने से यूरिन, ब्लड कल्चर, पस कल्चर, और अन्य सेप्टिक मटीरियल की जांच की जा सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *