करियाना स्टोर के मालिक से 2 लाख लूटने का मामला

भास्कर न्यूज | लुधियाना जस्सियां रोड पर करियाना स्टोर में घुसकर दुकानदार पर हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उन लोगों से पुलिस ने वारदात में इस्‍तेमाल 2 बाइक, एक दात व खिलौना पिस्तौल बरामद की है। आरोपियों की पहचान लक्की मॉडल स्कूल के निकट, शेरपुर के रहने वाले अंकित कुमार, शेरपुर निवासी हरजीत कुमार व कृष्णा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मूल रूप से यूपी और बिहार के रहने वाले हैं। जबकि आरोपियों के 2 साथियों सूरज और गौतम की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दे कि 1 मई की रात को जोगिंदर सिंह अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी पांच लोग दुकान में घुस आए। जिनमें चार के हाथ में पिस्तौल थीं और एक के हाथ में तेजधार हथियार था। जोगिंदर सिंह का कहना है कि इनमें से एक बदमाश ने उस पर फायर किया, लेकिन गोली नहीं चली। तभी दूसरे ने उसके हाथ पर तेजधार हथियार से वार कर घायल कर दिया। वह लोग उससे 2 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। उसने शोर मचाया, जिस पर मौके पर इकट्ठे हुए लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि बाकी फरार हो गए। एडी सीपी समीर वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद थाना सलेम टाबरी के इंचार्ज अमृतपाल सिंह व एल्डिको पुलिस चौकी के प्रभारी जिंदर कुमार ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की और फिर 2 आरोपियों को काबू किया। एडी सीपी वर्मा का कहना है कि आरोपी अंकित कुमार पर पहले भी थाना मोती नगर में छीनाझपटी का मामला दर्ज है। जबकि बाकी दोनों आरोपियों के भी रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। एडी सीपी के मुताबिक बाकी 2 आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *