भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में शनिवार सुबह पुलिस और गैंगस्टर के बीच एक बार फिर आमना-सामना हो गया। कुख्यात सूरज उर्फ सेक्सी ने पुलिस पार्टी पर उस वक्त ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जब उसे अवैध हथियार की रिकवरी के लिए थाना डिवीजन नंबर 7 की टीम बग्गा कलां गांव लेकर गई थी। सूरज ने गड्ढे में दबाया पिस्टल जैसे ही निकाला, उसने फौरन तीन गोलियां चलाईं। पहली गोली पुलिस कॉन्स्टेबल एकजोत सिंह की पगड़ी को छूती हुई निकल गई, दूसरी गोली मिस हो गई जबकि तीसरी गोली चेंबर में ही फंस गई। इसी बीच पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की और सूरज के पैर में गोली मार दी। उसे खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान कुल 5 से 7 राउंड फायर हुए। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सूरज का गैंग अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए मध्य प्रदेश पर निर्भर था। गिरोह के सदस्य वहीं से हथियार लाकर लुधियाना में बेचते थे। अब तक पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि चार से पांच अभी भी फरार हैं। पुलिस की टीमें लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूरज के ठीक होते ही उसे दोबारा रिमांड पर लिया जाएगा ताकि बाकी फरार सदस्यों और हथियार सप्लायर्स के बारे में जानकारी मिल सके। मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। {गोली पुलिसकर्मी की पगड़ी को छूती हुई निकली – सूरज के खिलाफ दर्ज केस में बताया गया है कि 26 नवंबर 2024 को उसने टिब्बा रोड स्थित एक बर्थडे पार्टी में युवकों पर हमला कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पीसीआर टीम पर भी सूरज ने हमला कर दिया। इस दौरान गोली एक पुलिसकर्मी की पगड़ी को छूती हुई निकल गई। आरोप है कि उसने एक पुलिसकर्मी को दांतों से काट लिया था। इसी केस के सिलसिले में वह फरार था और पुलिस उसे लंबे समय से ढूंढ रही थी। हाल ही में पुलिस ने उसे देहरादून से उसके चार साथियों मनीष, दीपक, शिवम और बबलू के साथ गिरफ्तार किया। अब तक इस गिरोह से पुलिस तीन पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 29 जिंदा कारतूस बरामद कर चुकी है।


