भास्कर न्यूज |लुधियाना गिल रोड स्थित जनता कॉलोनी में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। घायलों की पहचान जनता कॉलोनी निवासी ताजिया (30) और उसकी बहन शबनम (35) के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान ताजिया ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पति के पड़ोस की एक महिला से अवैध संबंध हैं। वह लंबे समय से इसका विरोध कर रही थी। शनिवार रात जब वह अपनी बहन शबनम के साथ घर लौट रही थी, तो रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन लोगों ने, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, उस पर और उसकी बहन पर हमला कर दिया। दूसरी ओर, मोहम्मद कासिम निवासी जनता नगर, गिल रोड ने आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि ताजिया का अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और उसका पति पिछले कुछ दिनों से उनके यहां आ रहा था क्योंकि वह उनका कर्मचारी है। शुक्रवार को भी वह उनके घर पर खाना खा रहा था, इसी दौरान ताजिया वहां पहुंच गई और उनकी पत्नी पर गलत आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगी। कासिम का कहना है कि शनिवार रात करीब 8 बजे ताजिया अपनी चार बहनों के साथ उनके घर पहुंची और उनके परिवार पर हमला कर दिया। हमले में अरशान 13, जियान 17, अक्सा 15 और सफ़िता 40 घायल हुए हैं। इसके बाद उन्होंने मराडो पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई और सभी घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया।


