शहर में लूटपाट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रहीं। शनिवार को लगातार तीसरे दिन लूट की बड़ी वारदात हुई। यह वारदात दिनदहाड़े बाइक सवार लुटेरों ने मन्ना सिंह नगर में एक्टिवा पर जा रहे होजरी कर्मी से दिनदहाड़े 15 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया। बैग छीनने के दौरान एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और कर्मी सड़क पर गिर गया। इससे वह घायल हो गया। उसे सिर और हाथ में चोटें आईं। लोगों ने इसकी सूचना थाने में दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बोली- पीड़ित बार-बार बयान बदल रहा है पुलिस के अनुसार, पीड़ित कर्मी बार-बार बैग में रखी रकम को लेकर बयान बदल रहा है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। घटना शनिवार दोपहर मन्ना सिंह नगर में पर हुई। होजरी फैक्ट्री में कलेक्शन का काम करने वाला राजपाल नामक कर्मी फील्डगंज से 15 लाख रुपए लेकर एक्टिवा से बहादुर के रोड से जा रहा था। जैसे ही वह एलिवेटेड रोड के साथ भाई मन्ना सिंह नगर के सामने पहुंचा, पीछे से आए दो बाइक सवार लुटेरों ने चलती एक्टिवा से बैग छीन लिया। बैलेंस बिगड़ने से राजपाल सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया। लुटेरे बैग लेकर फरार हो गए। राहगीरों ने उसे उठाकर थाना डिवीजन नंबर 4 पहुंचाया, जहां से उसका इलाज करवाया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखे। थाना प्रभारी हरप्रीत ने बताया कि अज्ञात दोनों लुटेरों पर केस दर्ज कर लिया। अभी रकम की पुष्टि नहीं हो पा रही।


