रायगढ़ में डीजल की अवैध खरीदी-बिक्री:घर में मिला 340 लीटर डीजल, दो मामलों में मां-बेटा समेत 3 पर कार्रवाई,ट्रक-ट्रेलर चालकों से खरीदी करते थे

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में डीजल की अवैध खरीदी-ब्रिकी मामले में पुलिस ने दो घरों में दबिश दी। घर में अवैध रूप से डीजल खरीदी-बिक्री को लेकर मां-बेटा समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिल रही थी कि छोटे देवगांव के दो घरों में ट्रक-ट्रेलर के चालकों से कम दाम पर डीजल खरीदकर उसे स्टोर कर रह रहे हैं। ऐसे में पुलिस की टीम शनिवार को संदेही तरुण गुप्ता के घर पहुंची। जहां घर में तरुण और उसकी मां संतोषी गुप्ता (48 साल) मिले। पुलिस ने डीजल के बारे में पूछताछ की तो पहले उन्होंने टालमटोल किया, लेकिन जब पुलिस ने उनके घर की जांच-पड़ताल की, तो वहां अलग-अलग डिब्बों में 260 लीटर डीजल मिला। जब इसे लेकर लाइसेंस और अन्य दस्तावेज की मांग की गई, तो उनके पास कुछ नहीं मिला। ऐसे में पुलिस ने 260 लीटर डीजल को जब्त करते हुए आरोपी मां-बेटा के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यहां 80 लीटर डीजल पकड़ाया
इसके बाद पुलिस की टीम छोटे देवगांव निवासी अनसुईया केशरवानी (47 साल) के घर पहुंची। जहां पुलिस ने जांच की, तो अनसुईया के घर से अलग-अलग डिब्बों में अवैध रूप से रखा डीजल मिला। जिसके बारे में दस्तावेज मांगने पर उसके पास कुछ नहीं था। ऐसे में पुलिस ने यहां से 80 लीटर अवैध डीजल जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। लगातार कर रहे निगरानी
खरसिया थाना प्रभारी हर्षित मेहर ने बताया कि पिछले लंबे समय से इस क्षेत्र में डीजल की अवैध खरीदी बिक्री की जा रही थी और लगातार इसकी शिकायतें आ रही थी। इसके बाद शनिवार को दो घरों में दबिश दी गई। ये लोग 50-55 रुपए में डीजल की खरीदी करते थे और 80 से 85 रुपए में इसकी बिक्री करते थे। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए ऐसे लोगों की लगातार निगरानी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *