भास्कर न्यूज । इटखोरी सड़क दुर्घटना में इटखोरी मोगला गांव के होमगार्ड जवान आदित्य हजाम के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव मोगला लाया गया। घर पर शव आते ही मृतक के परिजनों की चीत्कार से पूरा गांव सहम उठा। यहां शव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। बता दें कि मृतक होमगार्ड जवान आदित्य हजाम सिमरिया एसडीओ कार्यालय में तैनात थे। वे वहां से छुट्टी लेकर अपने निवास स्थान मोगला गांव आए हुए थे। छुट्टी के बाद वे शनिवार को सिमरिया एसडीओ कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन से नीचे उतरने के दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित बाइक चालक ने उन्हें धक्का मार दिया। जिस दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनका शव रविवार को घर पर आने के बाद सिमरिया एसडीओ सन्नी राज, इटखोरी थाना प्रभारी, झारखंड रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक रंजन, गृह रक्षक उपेंद्र कुमार, अशोक ठाकुर, सुबोध सिंह और युगेश कुमार समेत कई जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार इटखोरी मुहाने श्मशान घाट पर किया गया। जहां मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र सूरज कुमार ठाकुर ने दिया। घर से लेकर श्मशान घाट तक उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों और गांव के ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।


