1.16 लाख आवेदन मिले, 75.8% के निपटारे का दावा

भास्कर न्यूज | कवर्धा सुशासन तिहार 2025 के तहत जिले में अब तक 1 लाख 16 हजार 368 आवेदन मिले हैं। इनमें से 75.8 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण करने प्रशासन ने दावा किया है। इनमें 1 लाख 14 हजार 273 आवेदन मांग से जुड़े हैं, जबकि 2 हजार 95 शिकायतों से संबंधित हैं। कलेक्ट्रेट में रविवार को कलेक्टर गोपाल वर्मा ने पत्रकार वार्ता ली। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार तीन चरणों में हो रहा है। पहला चरण 8 से 11 अप्रैल तक चला। इसमें आवेदन समाधान पेटी, शिविर और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लिए गए। हाट बाजारों में भी आवेदन जमा किए गए। दूसरे चरण में आवेदनों को स्कैन कर संबंधित विभागों को भेजा गया। निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा जिला और राज्य स्तर पर हो रही है। मांग से जुड़े आवेदनों का निराकरण बजट की उपलब्धता के अनुसार किया जा रहा है। तीसरे चरण के दौरान शिविर में पहुंचेंगे सीएम व मुख्य सचिव: कलेक्टर ने बताया कि तीसरे चरण के दौरान मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्री, मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव और वरिष्ठ अधिकारी कुछ शिविरों में शामिल होंगे। वे आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री योजनाओं और विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। दूसरे चरण का अभियान आज से शुरू किया जाएगा तीसरा और अंतिम चरण 5 मई से 30 मई तक चलेगा। इस दौरान जिले की 46 ग्राम पंचायतों और 7 नगरीय निकायों में समाधान शिविर लगाए जाएंगे। बोड़ला जनपद की 9, कवर्धा की 11, पंडरिया की 10 और सहसपुर लोहारा की 9 पंचायतों में शिविर होंगे। सभी 7 नगरीय निकायों में भी शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। मौके पर ही समाधान योग्य मामलों का निराकरण किया जाएगा। नए आवेदन भी लिए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *