अमृतसर से मुंबई भेजे गए 1200 किलो गौमांस को वडोदरा रेलवे जीआरपी ने पकड़ा है। यह गौमांस अमृतसर रेलवे स्टेशन से चिकन बताकर पार्सल किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 अफसरों की विशेष टीम को अमृतसर रवाना कर दिया गया है। एसपी रेलवे सरोज कुमारी ने बताया कि वडोदरा स्टेशन पर अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ अभियान चल रहा था, तभी सूचना मिली कि बड़ी मात्रा में गौमांस आ सकता है। इस पर गोल्डन टेंपल मेल की चेकिंग की गई। पार्सल को अलग करके जांच के लिए भेजा गया। एफएसएल की रिपोर्ट 3 मई को आई, जिसमें साफ हो गया कि पार्सल में गौमांस है। इस आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब वडोदरा रेलवे जीआरपी की टीम अमृतसर में पार्सल विभाग, जीआरपी व रेलवे अफसरों से पूछताछ करेगी। बताया गया है कि पार्सल गुरुनगरी निवासी विजय ने बुक कराया था और इसे मुंबई सेंट्रल निवासी जाफर शब्बीर को भेजा जाना था। रेलवे अधिकारियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। वहीं अमृतसर जीआरपी का कहना है कि घटना वडोदरा की है, इसलिए वहां मामला दर्ज किया गया है। यदि वडोदरा टीम को सहयोग चाहिए तो पूरा सपोर्ट दिया जाएगा। एसपी रेलवे वडोदरा सरोज कुमारी का कहना है कि रेलवे जीआरपी ने 1200 किलो गौमांस की खेप को रोका गया है। भेजने और लेने वाले दोनों की पहचान हो चुकी है। जांच के लिए हमारी पांच सदस्यीय टीम अमृतसर रवाना कर दी गई है। कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा।


