भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला पुलिस ने हेरोइन की तस्करी करने के आरोप में मामा-भांजा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन और ड्रग मनी भी बरामद की है। इन आरोपियों का सरगना, जो इन्हीं का रिश्तेदार भी है, वह अभी पुलिस की गिरफ्त में बाहर बताया जा रहा है। जांच अधिकारी के मुताबिक फरार सरगना पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक मामले में अदालत में जब उसे सजा सुनाई जानी थी, तो वह वहां से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। सी डिवीजन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुज्जरपुरा इलाके की पीपल वाली गली निवासी विशाल कुमार उर्फ बिल्लू और मजीठा रोड स्थित सरदार डेयरी वाली गली निवासी अमनदीप सिंह उर्फ अमन को गिरफ्तार किया है। एएसआई परमिंदर सिंह ने बताया कि उक्त दोनों रिश्ते में मामा-भांजा हैं। आरोपी विशाल उर्फ बिल्लू अमनदीप सिंह का भांजा है। उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त दोनों हेरोइन सप्लाई कर रहे हैं। जिस पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनका पीछा किया गया। इसके बाद जब आरोपी मजीठा रोड के भापा हाई स्कूल के पास हेरोइन की सप्लाई करने के लिए पहुंचे, तो पीछा कर रही उनकी टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 340 ग्राम हेरोइन और 4100 रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। एएसआई के मुताबिक इस गिरोह का सरगना बिल्लू का सगा भाई अजय कुमार है। जिसके खिलाफ पहले से ही कई केस दर्ज हैं। एक इरादा-ए-कत्ल के केस में जब अदालत उसे सजा सुनाने जा रही थी, तो वह कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया और तभी वह फरार चला आ रहा है। जांच अधिकारी के मुताबिक अजय को गिरफ्तार करने के लिए भी छापेमारी की जा रही है।


