सड़क के गड्ढे बने खतरा, नगर परिषद बेपरवाह, समस्या का नहीं किया जा रहा स्थायी समाधान लोग हो रहे परेशान
अनूपपुर। जिले के अंतिम छोर में स्थित नगर परिषद बरगवां अमलाई में अव्यवस्था का आलम है। अमलाई से धनपुरी जाने वाली सड़क के बीच बने गड्ढे आवागमन में लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। कहने के लिए तो कई बार नगर परिषद बरगवां अमलाई के पूर्व सीएमओ द्वारा इसका सुधार कराया गया। स्थाई समाधान न होने से कुछ दिनों बाद यह समस्या फिर उभर आती है। नगर परिषद द्वारा सुधार कार्य तो करा दिया जाता है लेकिन गुणवत्ता की अनदेखी के कारण इस समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरा सी बारिश में यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। नगर परिषद भी इस परेशानी से अवगत है लेकिन समस्या के समाधान को लेकर कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है, जबकि इसके सुधार को लेकर लगातार मांग भी की जा रही है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है।सड़क सुधार को लेकर कोई प्रयास किया जा रहा हो, यह देखने को नहीं मिलता। इसी मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन होता है और गड्ढे के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। गर्मियों के दिनों में पानी छिड़काव की बात महज कागजों तक सीमित होती है, जिससे आसपास के लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। लोगों ने सवाल उठाया है कि समस्या समाधान को लेकर नगर परिषद कोई ठोस प्रयास क्यों नहीं करती।
पूर्व में यह भी कहा जा रहा था कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराया जाएगा ताकि लोगों को गड्डों से हो रही समस्या से निजात मिल सकेगी लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी सड़क निर्माण का कार्य नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि अमलाई से धनपुरी जाने वाले मार्ग के पास जर्जर सड़क के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, बावजूद इसके समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां अक्सर देखा जाता है जब आमने-सामने से भारी वाहन आते हैं तो काफी समय तक यहां पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। आसपास के लोगों ने समस्या के स्थायी रूप से कराने की मांग नगर परिषद से की है।


