पलामू में 11 हजार वोल्ट की तार ने बाप-बेटे की जान ले ली। घटना उत्तर कोयल मुख्य नहर स्थित मुखर्जी पुल के समीप खरगड़ा गांव के पास घटी है। इस हादसे ने सिमरसोत गांव निवासी 45 वर्षीय बिंदु मेहता व 12 वर्षीय उनका बेटे बिपिन मेहता की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक आज बिंदु मेहता की भतीजी की शादी है। बारात आने वाली है। इसी को लेकर दोनों शादी में जेनरेटर के लिए अहले सुबह तेल लाने जा रहे थे। जिस रास्ते वे बाइक से जा रहे थे वहीं 11 हजार वोल्ट का तार गिरा हुआ था। दोनों उसी की चपेट में आ गए। तार में करंट होने की वजह से आग लग गई और दोनों वही जल गए। बिजली विभाग को ग्रामीणों ने दी थी सूचना घटना से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को लगातार सूचना देने के बावजूद तार को दुरुस्त नहीं किया जाता है। जिससे इस तरह की घटनाएं होती है। घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर के अंचल पदाधिकारी संतोष कुमार, थाना प्रभारी अफजल अंसारी पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है। मृतक बिंदु मेहता के भतीजी की थी आज शादी ग्रामीणों ने बताया कि सेमरसोत गांव निवासी बिंदु मेहता की भतीजी की आज बारात आने वाली थी। बिंदु मेहता अपने इकलौते बेटे बिपिन मेहता को बाइक पर साथ लेकर अहले सुबह डीजल तेल लेने जा रहे थे। जिससे शादी में जेनरेटर में तेल की कमी नहीं हो सके। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही बिंदु मेहता के परिवार सहित गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। घटना से गांव में मातम का माहौल है। बिंदु मेहता के घर शादी की खुशी मातम ने बदल गई है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। विद्युत विभाग की लापरवाही से घटी घटना घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने एवं परिजनों को हर संभव मदद व मुआवजा दिलाने की बात कही है। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने व कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की है।


