लातेहार के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अहीरपुरवा इमली मोड़ के पास हाइवा और बाइक की टक्कर में चैनपुर पंचायत के करकट गांव निवासी सचिन कुमार सिंह की मौत हो गई। सचिन कुमार सिंह अपनी मां को महुआडांड़ के साप्ताहिक बाजार में छोड़कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे हाइवा ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि 25 वर्षीय सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने की मृतक की पहचान सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के ग्रामीणों ने मृतक की पहचान की और परिजनों को सूचित किया गया। हादसे के बाद ड्राइवर हाइवा को मौके पर छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने सीताराम प्रसाद के स्वामित्व वाले हाइवा को जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना से मृतक के परिजन शोक में डूबे हैं।


