बालोद जिले के लाटाबोड़ में सुशासन तिहार के तहत पहले समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 15 पंचायतों से आए लोगों के 5,714 आवेदनों का निराकरण किया गया। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सुशासन त्यौहार का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को आम जनता तक सरलता से पहुंचाना है। स्टॉल में विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई और लोग वहां अपने आवेदन प्रस्तुत कर सके। शिविर में डिजिटल अरेस्ट के बारे में दी जानकारी शिविर में पुलिस विभाग ने साइबर जागरूकता और डिजिटल अरेस्ट के बारे में जानकारी दी। साथ ही हेलमेट के इस्तेमाल के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। वन विभाग ने अपनी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया गया। कलेक्टर ने जिले में बढ़ते जल संकट और गर्मी को देखते हुए जल संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने जिलेवासियों से पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की अपील की। साथ ही आश्वासन दिया कि सुशासन त्यौहार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएगा। समाधान शिविर में ये चीजें की गई प्रदान आपको बता दें शासकीय हाई स्कूल मैदान लाटाबोड़ में आयोजित समाधान शिविर में हितग्राहियों को सुशासन तिहार के दौरान बनाए गए उनका राशन कार्ड, श्रम कार्ड, मनरेगा जाॅब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति पत्र, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के अलावा उन्नत किस्म के धान बीज, कीटनाशक दवाई, खाद बीज के वितरण के अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा बुजुर्गों को छड़ी और श्रवण यंत्र आदि के अलावा मछली पालन विभाग द्वारा हितग्राहियों को आइस बॉक्स के साथ मछली जाल प्रदान किए गए।


