झारखंड लोक सेवा आयोग की अनुशंसा के आलोक में रांची यूनिवर्सिटी के आधा दर्जन शिक्षकों के प्रमोशन प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। जिन शिक्षकों को प्रमोशन प्रदान किया गया, उसमें साइकोलॉजी के शिक्षक डॉ. कृष्ण प्रसाद साहू को व्याख्याता से रीडर के पद पर प्रमोशन दिया गया। गणित विषय के शिक्षक डॉ. सुरेंद्र ठाकुर को व्याख्याता से वरीय व्याख्याता के पद पर प्रमोशन दिया गया। फिलॉस्फी के शिक्षक डॉ. शीला नाथ मिश्र को व्याख्याता से वरीय वेतनमान के पद पर प्रमोशन दिया गया। वही अर्थशास्त्र विषय की शिक्षक डॉ. संगीता सिंह को व्याख्याता वरीय वेतनमान से प्रवर कोटि के पद पर प्रमोशन से संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इसके अलावा डॉ. वंदना राय को वरीय वेतनमान से प्रवर कोटि के पद पर प्रमोशन दिया गया। सोमवार को कुलपति डॉक्टर अजीत कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक में उपरोक्त निर्णय लिए गए। इसके अलावा फाइनेंस कमेटी और पूर्व में सिंडिकेट में लिए गए निर्णय को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में कुलपति के अलावा प्रॉक्टर डॉ. मुकुंद मेहता, मारवाड़ी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर मनोज कुमार, कुलसचिव डॉक्टर गुरु चरण साहू, जीएन कॉलेज धुर्वा के प्रिंसिपल डॉक्टर निहार नाथू गाड़ी समेत अन्य सदस्य थे।


