श्री चंदन जात्रा महोत्सव 2025 झरना में हुआ नावकेली जात्रा इसमें रही आकर्षण का केंद्र

भास्कर न्यूज | धौराभांठा तमनार ब्लॉक के ग्राम पंचायत झरना में चतुर्थ वर्ष का श्री चंदन जात्रा मेला धूमधाम से संपन्न हुआ। बसंत नवयुवक मंडल समिति झरना के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में सुआ नृत्य, नावकेली चंदन जात्रा, डांस प्रतियोगिता और नाटक मंचन जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत 30 अप्रैल को शाम 4 बजे कलश यात्रा से हुई। रात्रि में रामायण कीर्तन और भजन संध्या का आयोजन किया गया। 1 मई को विधिविधान के साथ पूजन, हवन और आरती संपन्न हुई। दोपहर में बैठकी कीर्तन और शाम को हंडी फोड़ प्रतियोगिता ने खासा रोमांच बढ़ाया। 2 मई को आयोजित नावकेली चंदन जात्रा कार्यक्रम मेले का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें राधा-कृष्ण स्वरूप धारण किए बच्चों को सजी-धजी नावों पर विराजमान कर तालाब में भ्रमण कराया गया। नाव पर कीर्तन और नृत्य का अद्भुत दृश्य देखने वालों को भाव-विभोर कर गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांस प्रतियोगिता हुई, जिसमें न केवल स्थानीय बल्कि विभिन्न जिलों के कलाकारों ने भी भाग लिया। डांस प्रतियोगिता में हमर छत्तीसगढ़ के धरोहर, कोरबा, श्रद्धा डांस ग्रुप, बिलासपुर और कोहिनूर एंड ईशु, रायपुर विजेता रहे। रंगोली प्रतियोगिता में लता सिदार प्रथम, किशोर सिदार द्वितीय और अशोक मंजू साव तृतीय स्थान पर रहे। कुर्सीदौड़ प्रतियोगिता में स्वागतीका सिदार (पूर्व सरपंच) ने प्रथम और सुखमती सिदार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 3 मई को प्रस्तावित नाटक प्रतियोगिता आंधी-तूफान के चलते स्थगित कर 4 मई को आयोजित की गई, जिसमें झिंगोल नाटक मंडली ने प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपए जीते। रेंगाबहरी नाटक मंडली को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 40 हजार रुपए नकद मिले। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवनिर्वाचित सरपंच अनंत राम राठिया, विशिष्ट अतिथि अनिल साव (उपसरपंच), हरिहर राठिया (मंडी अध्यक्ष) और अन्य गणमान्य नागरिक रहे। आयोजन समिति में अध्यक्ष हेमसिंह सिदार, उपाध्यक्ष जपेश्वर गुप्ता, सचिव अशोक साव, उपसचिव यशोदा सिदार, सलाहकार जवाहीर सिदार, प्रेमलाल साहू सहित पंकजनी सिदार, विमला सिदार, सुरज कुमारी राठिया, कमला साहू, दशमती सिदार आदि कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *