नेशनल लोक अदालत के प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया गया रवाना
अनूपपुर। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 10 मई 2025 को अनूपपुर मुख्यालय एवं तहसील सिविल न्यायालय राजेन्द्रग्राम एवं कोतमा में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य न्यायालयों में लंबित प्रकरणों एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का अधिक से अधिक संख्या में निराकरण करने हेतु नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के वाहनों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माया विश्वलाल द्वारा हरी झण्डी दिखाकर नगर में प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को नेशनल लोक अदालत में उनके प्रकरणों के निराकरण से होने वाले लाभों जैसे- समय एवं व्यय की बचत, दोनों पक्षकारों के मध्य मतभेद दूर होकर सद्भाव बना रहे तथा विद्युत विभाग एवं नगर पलिका विभाग द्वारा दी जाने वाली छूट का लाभ आमजन को मिल सके है। इस अवसर पर द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नरेन्द्र पटेल, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी चैनवती ताराम, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनोद कुमार वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री सुधा पाण्डे, न्यायिक मजिस्ट्रेट बॉबी सोनकर, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री सृष्टि साहू, जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल, अधिवक्ता संघ के सचिव विनय कुमार राठौर, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसेल संतदास नापित सहित अन्य अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


