भास्कर न्यूज |गुमला जिले के विशुनपुर थाना क्षेत्र के कोटठोकवा चढ़ान में सोमवार को ओवरलोडिंग के कारण एक पिकअप वाहन के चढ़ने के दौरान पीछे लुढ़कने से उसमें सवार 40 वर्षीय महिला बसंती नगेशिया गिरने के बाद पिकअप का चक्का चढ़ जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका बाया पैर चक्का के चढ़ जाने से चकनाचूर हो गया। वह जुड़वानी गांव की रहने वाली है।इधर पिकअप के लुढ़कने के दौरान चालक के सूझबूझ से एक बड़ा हादसा भी टल गया। समय रहते चालक ने पिकअप को किसी तरह नियंत्रित किया। जिससे पिकअप लुढ़कने के बाद पलटने से बच गया। नहीं तो पिकअप में सवार करीब दो दर्जन से अधिक लोगो के जान भी जा सकती थी। चूंकि जिस चढ़ान पर पिकअप लुढ़का था उसके अगल बगल में गहराई ज्यादा थी। इधर घायल बसंती को स्थानीय लोगो के मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशुनपुर में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में बसंती का इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जाता है कि घटना सोमवार को दिन के करीब 11 बजे की है। कई गांवों के किसान अपनी साग सब्जियों को पिकअप में लोड कर बनारी बाजार आ रहे थे। पिकअप में करीब दो दर्जन से अधिक किसान सवार थे।


