भरनो | रांची गुमला मुख्य मार्ग एनएच 23 पर भरनो के स्कूल चौक के समीप सर्विस रोड में सोमवार की शाम को एक साथ तीन वाहनों की टक्कर में दो लोग घायल गए, जबकि भरनो थाना के दरोगा बाल बाल बचे। जानकारी के अनुसार भरनो के स्कूल चौक के पास सर्विस रोड में एक साथ तीन वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। एक कंटेनर ट्रक गुमला की तरफ से रांची जा रहा था और एक डीजे साउंड वाला 407 ट्रक इटकी से गुमला की ओर जा रहा था। इसी समय भरनो थाना के दरोगा अभिनंदन कुमार अपने स्विफ्ट कार में सवार होकर थाना की तरफ जा रहे थे। इस क्रम में पहले कंटेनर और डीजे साउंड वाला गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गई। उसके बाद आगे आगे चल रहे दरोगा के कार को भी कंटेनर ने अनियंत्रित होकर पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे कार में सवार दरोगा अभिनंदन कुमार बाल बाल बच गए, जबकि डीजे साउंड वाला गाड़ी में सवार इटकी थाना क्षेत्र के तिलकसूती गांव निवासी सुभाष मुंडा(22) और कुर्गी गांव निवासी रवि उरांव (18)घायल हो गए। कंटेनर चालक दुर्घटना के बाद वाहन से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों व पुलिस के सहयोग से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है।


