साहिबगंज में मंगलवार को 10 दिनों से लापता एक युवक का शव बरामद किया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल में दफन शव को जमीन से बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने युवक की हत्या मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। बच्चा चोर के शक में हत्या की आशंका युवक की पहचान भागलपुर स्थित शिवनारायणपुर के एकडरा गांव निवासी रंजन सोनी के रूप में की गई। ग्रामीणों द्वारा बच्चा चोर के शक में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल कुछ नहीं कह रही है। गांव के बच्चों से बातचीत के दौरान युवक की हत्या की बात सामने आई। इसके बाद मृतक के भाई ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। 26 अप्रैल को साहिबगंज आया था युवक मृतक के भाई के अनुसार, रंजन मोती माला के आभूषण और बर्तन साफ करने वाला केमिकल बेचा करता था। वो 26 अप्रैल को साहिबगंज के बोरियो में गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। कुछ स्कूली बच्चों से मिली जानकारी मृतक के भाई राहुल कुमार इस क्षेत्र में रोजाना आकर अपने भाई के बारे में पता लगा रहा था, पर कोई भी कुछ नहीं बता रहा था। इसी बीच एक दिन राहुल कुछ स्कूली बच्चों से मिला और उनसे भाई के बारे में पूछताछ की। मंगलवार को बोरियो थाना में लिखित शिकायत दी बच्चों ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या कर ग्रामीणों ने उसे दफना दिया है। इसके बाद राहुल ने मंगलवार को बोरियो थाना में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया। हत्या का मास्टरमाइंड पिथु बेसरा बताया जा रहा है।


