भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के ठीक 15 दिन बाद पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया है। ये वे ठिकाने हैं, जहां से भारत पर आतंकी हमलों की साजिश रची जा रही थी और उन्हें अंजाम दिया जा रहा था। भारत ने इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’नाम दिया है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक हमले में 3 लोगों की मौत हुई है और 12 लोग घायल हैं। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के हमले का जवाब देने की कसम खाई है। अमेरिका मे न्यूयॉर्क टाइम्स से लेकर ब्रिटेन में BBC तक भारत की इस स्ट्राइक को प्रमुखता से कवर कर रहे हैं। देखिए किसने क्या लिखा…. वॉशिंगटन पोस्ट
भारत की सेना ने बताया है कि उसने उन 9 जगहों को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी और निर्देश दिया गया था। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया। हमले का फोकस और नपा तुला है। पाकिस्तान ने इन हमलों की निंदा की है। सैन्य प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि ये हमले शर्मनाक थे। पाकिस्तान अपनी तरफ से चुने गए वक्त पर जवाब देगा। चौधरी ने कहा कि कम से कम तीन भारतीय मिसाइलों से हमलों की पुष्टि हुई है, जिसमें पाकिस्तान के पंजाब क्षेत्र के बहावलपुर शहर में एक मस्जिद के पास किया गया हमला भी शामिल है। भारतीय लड़ाकू विमान ने पाकिस्तान के एयर स्पेस में एंट्री नहीं की है। BBC भारत सरकार का कहना है कि उसकी डिफेंस फोर्स ने पाकिस्तान और PoK में आतंकवादी ठिकाने पर हमला किया। वहीं पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता का कहना है कि इस्लामाबाद इस हमले का जवाब अपने चुने गए वक्त और जगह पर देगा। प्रवक्ता ने कहा- हमारी वायुसेना के सभी विमान हवा में हैं। भारत के हवाई क्षेत्र से किया गया यह एक कायराना हमला है। न्यूयॉर्क टाइम्स
भारत सरकार ने कहा कि उसके सैन्य बलों ने पाकिस्तान में और विवादित कश्मीर क्षेत्र के पाकिस्तान की तरफ नौ जगहों पर हमला किया है। पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों ने कहा कि पंजाब प्रांत और PoK में 5 जगहों पर हमला किया गया है। पाकिस्तानी सरकार ने कहा कि हम हमले का जवाब दिए बिना नहीं रहेंगे। जल्द ही भारत की अस्थायी खुशी की जगह स्थायी दुख ले लेगा। द गॉर्जियन
पाकिस्तानी डिफेंस सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी वायुसेना ने पाकिस्तानी कंट्रल इलाके पर हमले का बदला लेते हुए दो भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। पाकिस्तान की सरकारी टीवी के एक बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना भारत की हमले का मजबूती से जवाब दे रही है। पाकिस्तानी एयरफोर्स के सभी विमान सुरक्षित हैं। ——
डेली मेल भारत ने पाकिस्तान के कंट्रोल वाले कश्मीर में नौ पाकिस्तानी आतंकवादी ठिकानों पर बॉर्डर पार से मिसाइलें दागीं। भारतीय सेना की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि कुछ समय पहले, भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। तीन पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक बुधवार तड़के भारतीय मिसाइलों ने PoK और देश के पूर्वी पंजाब प्रांत में हमला किया। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक बम पंजाब के बहावलपुर शहर की एक मस्जिद पर गिरा, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई तथा एक महिला और आदमी घायल हो गए। फ्रांस 24
पाकिस्तानी टीवी चैनल ने बताया कि PoK की राजधानी मुजफ्फराबाद शहर के आसपास के पहाड़ों में और क्षेत्र के दो अन्य इलाकों पर कई जोरदार विस्फोट सुने गए हैं। भारतीय सेना ने कहा कि हम अपनी उस बात पर पूरी तरह से खरे उतर रहे हैं कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।


