क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग के नाम पर पैसा कमाने का लालच देकर बरियातू गौतम बुद्ध मार्ग के रहने वाले 26 साल के हर्ष चंदेल से 3.11 लाख रुपए की ठगी हुई है। इस मामले में हर्ष चंदेल ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। हर्ष चंदेल के अनुसार उनके वाट्सएप पर एक नंबर से मैसेज आया। जिसमें उन्हें दिए गए लिंक पर जाकर स्क्रीन शॉट भेजने पर 100 रुपए मिलने का प्रलोभन दिया गया। फिर हर्ष को टेलीग्राम एप पर AnikaMU8 पर जाने के लिए कहा गया। जब हर्ष ने स्क्रीन शॉट लेकर भेजा तो उन्हें 100 रुपए भेजा गया। उसे कहा गया कि 1000 रुपए दोगे तो 1400 रुपए मिलेंगे। उसे टेलीग्राम पर एक अन्य नाम के व्यक्ति से बात करने को कहा गया। बताया कि वह तुम्हारे टीचर होंगे। उसे एक लिंक भेजा गया। उस पर 1000 रुपए डालने पर हर्ष को 1200 रुपए भेजे गए। हर्ष के खाते में रुपए आ गए। फिर उसे 3000 रुपए डालने के लिए कहा गया। उसने पैसे डाले तो उसे 3600 रुपए वापस कर दिए गए। फिर अगला आर्डर उसे 4000 रुपए का दिया गया। 4000 रुपए डालने पर उसने 4800 रुपए भेज दिए गए। इस तरह हर्ष को झांसे में ले लिया गया। झांसे में लेकर ज्यादा रकम मांगने लगा, तब समझ में आया ठगी हुई हर्ष को झांसे में लेने के बाद उससे 22000 रुपए डालने को कहा गया। उसने पैसे उनके एकाउंट में डाल दिए। पैसे डालने पर उसे कहा गया कि अगला आर्डर 58000 का है, जिसे डालने पर ही उसे पूरे रुपए मिलेगे। हर्ष ने फिर 58000 रुपए डाल दिए। इसके बाद उसे एक और 1.28 लाख रुपए का आर्डर डाल दिया गया और कहा कि गया कि अगर पूरे पैसे चाहिए तो इस रकम को भी जमा करना होगा। उसने 1.28 लाख रुपए फिर डाल दिए। पैसे डालने के बाद उससे कहा गया कि उसकी गलती की वजह से पैसे वेबसाइट में फ्रीज होकर फंस गए हैं। इसलिए उसे और 1.58 लाख रुपए देने होंगे, तब उसका पैसा वापस होगा। हर्ष के पास पैसे खत्म हो गए थे। अगले दिन उसने 1.58 लाख रुपए का इंतजाम किया और उसने फिर उनके खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। उसके 3.11 लाख रुपए फंस चुके थे। अब उससे फिर कहा गया कि उसकी गलती की वजह से पैसे फंस गए हैं, अब उसे 2.28 लाख रुपए जमा करने होंगे। तब उसका पैसा वापस आएगा। इसके बाद हर्ष को समझ में आया कि उससे ठगी हो रही है।


