रांची | झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के द्वारा होटवार के राज्य संग्रहालय में दो दिवसीय प्रतियोगिता ‘प्रतिभा’ का आयोजन किया गया। इसमें लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, उपशास्त्रीय नृत्य, निबंध लेखन, रंगोली, गायन, चित्रांकन प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने भाग लिया और अपनी क्रिएटिविटी का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के निदेशक आशिफ एकराम और विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर समाहर्ता आदित्य पांडेय थे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सुषमा नाग और उनके दल ने झारखंड वंदना की प्रस्तुति दी। साथ ही मृणालिनी अखौरी व उनके दल द्वारा गजल और गायन की प्रस्तुति की गई। गुरुकुल अकादमी के बच्चों द्वारा देशभक्ति नृत्य नाटिका पेश किया गया। निदेशक संस्कृति आशिफ एकराम ने कहा कि संग्रहालय एक परिभ्रमण स्थल ही नहीं, बल्कि एक शैक्षणिक स्थान है। आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रम लगातार बच्चों के लिए आयोजित किए जाएंगे। संग्रहालय के अध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार सिंह द्वारा अतिथियों को सम्मानित किया गया।


