रांची | राजभवन द्वारा विश्वविद्यालयों यूनिफॉर्म अवकाश कैलेंडर का ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है, जिसमें अगले वर्ष 2025 से विंटर वेकेशन का प्रावधान किया गया है। जबकि विवि शिक्षक इसी साल से विंटर वेकेशन की मांग कर रहे हैं। अपनी डिमांड के समर्थन में काला बिल्ला लगाकर शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। रविवार को विवि शिक्षकों ने वर्चुअल मोड में मीटिंग की, जिसमें विंटर वेकेशन समेत वर्ष 2022 के पहले की तरह अवकाश लागू करने पर चर्चा की। विवि शिक्षकों ने एक स्वर से कहा कि विंटर वेकेशन के प्रति यूनिवर्सिटी प्रशासन संवेदनशील नहीं है। विवि शिक्षक अवकाश के दिनों में अपने को अपग्रेड करने के लिए देश-विदेश के लैब, लाइब्रेरी समेत अन्य संस्थानों का भ्रमण करते हैं। शिक्षकों ने सवाल किया है कि माइक्रोचिप के जमाने मे हम ग्रामफोन ही बने रहें? क्या इसी प्रकार विश्वगुरु बन सकेंगे? कहा कि विवि शिक्षकों को छुट्टियां उनके ईएल के एवज में दिया जाता है।


