भास्कर न्यूज | चतरा शहर के बिंड मोहल्ला निवासी स्वर्गीय सुरेंद्र राम का 41 वर्षीय पुत्र बीरू राम ने मंगलवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। आत्महत्या की वजह आर्थिक तंगी बताया जा रहा है। बताया जाता है कि बीरू राम ने बाजार से काफी कर्ज ले रखा था, और उसे चुका नहीं पा रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह कर्ज को लेकर काफी परेशान चल रहा था। मंगलवार की रात जब परिवार के अन्य लोग खाना खाने के बाद अपने अपने कमरे सोने चले गए तब बीरु भी अपने कमरे में गया और पंखे से फंदा लगाकर झूल गया। बुधवार की सुबह जब काफी देर तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिवार के लोगों ने उसका दरवाजा खोलवाने का प्रयास किया। तब लोगों ने खिड़की से देखा कि वह फंदे से झूल रहा है। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और फंदे से शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों को लेकर परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर रही है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि बीरू राम अधिक कर्ज में डूब चुका था। जिससे तंग आकर उसने देर रात घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


