जालंधर| जिला प्रशासन की तरफ से ब्लैक आउट और भारत-पाक के बीच जारी विवाद के चलते बुधवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, बीएसएफ, रेलवे, वायुसेना और आईटीबीपी के उच्च अधिकारियों की जॉइंट मीटिंग हुई। मीटिंग में डीसी हिमांशु अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, ब्रिगेडियर सुनील कुमार, कर्नल अजय पाल सिंह, स्टेशन एडजुटेंट एयरफोर्स स्टेशन आदमपुर मनोज कालिया, एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क, संयुक्त पुलिस कमिश्नर संदीप शर्मा, जालंधर निगम कमिश्नर गौतम जैन, एडीसी जसवीर सिंह और बुद्धि राज सिंह उपस्थित थे। डिप्टी कमिश्नर ने ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि लोग किसी भी तरह के हड़बड़ाहट में न आएं। ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के लिए 7 मई को रात 8 से 9 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। डीसी ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति के दौरान सावधानी बरतने के लिए अक्सर मॉक ड्रिल आयोजित की जाती है और यह एक नियमित प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जिले की सीमा में बिना अनुमति के ड्रोन के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने अपील की कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दी जाए। जिलावासी अफवाहों से बचें। अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आपातकालीन प्रतिष्ठानों, अस्पतालों में बिजली कट नहीं लगाने के आदेश दिए गए थे।


