कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बगरीडीह में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सिमरन प्रवीण (20) के रूप में हुई है। मृतका की मां अफसाना खातून ने बताया कि उसके दामाद का नाम सफीउल्लाह है। वह शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित करता था। दो दिन पहले सफीउल्लाह सिमरन को उसके मायके जयनगर थाना क्षेत्र के रघुनियाडीह से ससुराल ले गया था। इसके बाद घर चला आया था। अगले दिन सफीउल्लाह ने फोन कर सिमरन की शिकायतों के बारे में बात की और परिवार को बगरीडीह बुलाया। मां अपने रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंची। सिमरन की सास रेबुना खातून ने कहा कि सिमरन घर का काम नहीं करती। परिवार ने दोनों को समझाया और वापस लौट गए। ससुराल वालों ने दी धमकी- मार देंगे जान बीते बुधवार की सुबह 8 बजे सिमरन ने अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात की। उसने बताया कि वह खाना बना चुकी है। उसने अपने पति और बच्ची से भी बात कराई। इसके बाद फिर करीब 10 बजे सफीउल्लाह और रेबुना का फोन आया। उन्होंने फिर शिकायत की। कहा कि सिमरन काम नहीं करती और उसे जान से मारने की धमकी दी। मां ने बेटी से बात कराने की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसी दिन शाम को सिमरन का शव मिला। मां की जुबानी जानिए पूरी कहानी मुझे दिन के करीब 1 बजे सूचना मिली कि मेरे दामाद और उसकी मां सिमरन के साथ मारपीट करते हुए व उसे घसीटते हुए घर के अंदर ले गए हैं। इसके बाद शाम को सूचना मिली कि मेरी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने बताया कि मुझे पूरा यकीन है कि मेरी बेटी की हत्या मेरे दामाद व उसकी मां ने कर दी है। इधर घटना के बाद से ही सफीउलाह व उसकी मां घर से फरार हैं। डोमचांच पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर घटना की जांच करते हुए शव को अपने कब्जे मे ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की मां ने थाने में आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। फरार सफीउलाह व उसकी मां की तलाश में जुट गई है।


