माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने चयन वर्ष 2021-22 और 2022-23 की डीपीसी में पदोन्नत हुई राज्य के 10515 व्याख्याता को पोस्टिंग की तैयारी शुरू कर दी है। पदोन्नति व्याख्याता को ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए रिक्त पदों पर पदस्थापन दिया जाएगा। लेकिन पिछले दो साल में क्रमोन्नत हुए लगभग 5600 उच्च माध्यमिक स्कूलों में इन लेक्चरर को पोस्टिंग का मौका नहीं मिलेगा। दरअसल, राज्य सरकार की ओर से नवक्रमोन्नत हुए इन स्कूलों में अभी तक व्याख्याता के पद मंजूर नहीं किए गए हैं। ऐसे में ऑनलाइन काउंसलिंग में इन 5600 स्कूलों को शामिल नहीं किया जाएगा। प्रत्येक क्रमोन्नत स्कूलों में व्याख्याताओं के तीन – तीन पद स्वीकृत किए जाने हैं। हालांकि पद मंजूर नहीं होने से इन स्कूलों में 11वीं -12वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। अनेक शिक्षक संगठनों ने शिक्षा निदेशक को ज्ञापन देकर जिन नवक्रमोन्नत सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में व्याख्याता के पद स्वीकृत होने हैं वहां पद मानकर पदोन्नत व्याख्याता को काउंसलिंग से पोस्टिंग देने की मांग की है ताकि इन स्कूलों में शिक्षण कार्य सुचारु किया जा सके। व्याख्याता पदों का स्थिति स्वीकृत – 55341 कार्यरत – 37785 रिक्त – 17556 राज्य के अपग्रेड किए गए 4 हजार स्कूलों में बीकानेर जिले के 250 स्कूल शामिल है। जिन्हें 10वीं से 12वीं में क्रमोन्नत किया गया है। इन स्कूलों में व्याख्याताओं के 750 पद मंजूर किए जाने हैं। लेकिन फिलहाल इसकी स्वीकृति राज्य सरकार से नहीं मिली है।


