वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा की ओर से रविवार को RSCIT परीक्षा परीक्षा आयोजित की गई। बीकानेर संभाग में पंजीकृत 19249 विद्यार्थियों के लिए 50 केंद्रों पर सुबह 10 से दोपहर 11 बजे तक परीक्षा हुई। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक में परीक्षा के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया। दरअसल, 17 वर्षीय छात्रा परीक्षार्थी अपनी मौसी बिरजू के स्थान पर परीक्षा देने पहुंच गई। आधार कार्ड की जांच में छात्रा पकड़ में आ गई। केंद्राधीक्षक की ओर से पूछताछ में फर्जी परीक्षार्थी ने बताया कि वह अपनी मौसी के स्थान पर परीक्षा देने आई है। मौसी दो दिन के लिए गाँव गई है। फर्जी परीक्षार्थी ने मौसी का नाम बिरजू श्रीडूंगरगढ़ निवासी बताया। उधर, खुला विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय निदेशक बलवान सिंह सैनी ने बताया कि मूल एवं फर्जी परीक्षार्थी के विरुद्ध नकल रोकथाम अधिनियम 1992 के तहत कार्यवाही की गई है। वहीं केंद्राधीक्षक विनोद सुथार ने इस संबंध में पुलिस थाने में मामला भी दर्ज कराया है। क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि बीकानेर संभाग में 17709 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए।


