भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे संवेदनशील माहौल के बीच, गुरदासपुर में आज रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूर्ण रूप से ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान पूरी तरह अंधेरा रहेगा और लाइटें बंद रहेंगी। यह आदेश अगले आदेश तक जारी रहेगा। केंद्रीय जेल गुरदासपुर और सिविल अस्पताल पर ये आदेश लागू नहीं होगा लेकिन जेल और अस्पताल की खिड़कियां पूरी तरह बंद रखी जाएंगी, ताकि रोशनी बाहर न निकल सके। वहीं, मुख्यमंत्री का कहना है कि यह देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। हम सेना के साथ खड़े हैं। अभी तक यह आदेश केवल गुरदासपुर के डीसी ने जारी किया है। माना जा रहा है कि अन्य जिलों में भी डीसी जरूरत के हिसाब से आदेश जारी कर सकते हैं। ऑपरेशन सिंदूर से आतंकी ठिकाने खत्म हुए नंगल में पत्रकारों ने जब सीएम भगवंत मान से पूछा कि गुरदासपुर में रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक ब्लैकआउट करने के आदेश दिए हैं। इस पर सीएम ने कहा कि यह देश की सुरक्षा का मुद्दा है। ऐसे में हम आर्मी के आदेश का पालन करेंगे। वहीं, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान वाले हमारे लोगों और सिविलियंस पर फायरिंग कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सेना का सिंदूर ऑपरेशन काफी बढ़िया रहा है। इसके लिए सेना को बधाई है। सेना ने इस ऑपरेशन से आतंकियों के ठिकाने खत्म किए हैं।
सरकारी आदेशों की पालना करें
पंजाब के छह बॉर्डर जिलों में पुलिस हाई अलर्ट पर है, क्योंकि इनकी सीमा सीधे पाकिस्तान से लगती है। वहीं, आज पंजाब सरकार ने सभी पुलिस अधिकारियों और मुलाजिमों की छुट्टियां अगले आदेश तक कैंसिल कर दी हैं। साथ ही साफ किया है कि अगर किसी को विशेष स्थिति में छुट्टी लेनी पड़ती है, तो इसके लिए सीनियर अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी। वहीं, लोगों से सहयोग की अपील की गई है। सीएम का कहना है कि जो आदेश जारी किए जाते हैं, लोगों को इसका पालन करना होगा।


