कम पूंजी से भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में जगह बना सकते:वैश्विक अर्थव्यवस्था में चीनी निर्माण कंपनियों का विकल्प भी बनाया जा सकता‎

यंग एंटरप्रेन्योर समिट में आए उद्योगपतियों ने युवा वर्ग और नए उद्यमियों को व्यापार-व्यवसाय में आने वाली चुनौतियों से निपटने के टिप्स देने के साथ ही उद्योग बढ़ाने और ऊंचाइयों यानी राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में जगह बनाने का रास्ता भी दिखाया है।
दो दिनी समिट में उन्होंने कहा कि एक छोटे से विचार से भी उद्योग शुरू किया जा सकता है। वह भी न्यूनतम पूंजी में। प्रतिस्पर्धा के बीच उम्दा प्रोडक्ट तैयार कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बनाई जा सकती है। होटल अंजुश्री में आयोजित यंग एंटरप्रेन्योर समिट में कृषि एवं डेयरी, उत्पादन, एमएसएमई, नवीनीकरण ऊर्जा व फार्मा तथा रियल एस्टेट से लेकर पर्यटन को लेकर विशेष सत्रों का आयोजन किया गया। आयोजक दिलीप परियानी ने बताया उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानी के माध्यम से युवाओं को नई दिशा दी है। तीन वरिष्ठ उद्योगपतियों ने बताए उनकी सफलता के राज व कंपनी के लक्ष्य अब विमान उद्योग को भी अपनी सेवाएं -रजत किमिरिका के सह संस्थापक रजत जैन ने अपनी कंपनी की विकास यात्रा का वृतांत साझा किया। एक छोटे से विचार से शुरू होकर, न्यूनतम पूंजी के साथ, किमिरिका ने आज सौंदर्य प्रसाधन उद्योग में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने बताया किस प्रकार कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बनाई है और चीनी निर्माण कंपनियों का विकल्प बनकर उभरी है। किमिरिका अब विश्व की विमान उद्योग को भी अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रगति का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि मेक इन इंडिया पहल ने भारतीय उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। 5000 सीबीजी संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य -मोहित एचपीसीएल रिन्युएबल एंड ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित धवन ने भारत के स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि एचपीसीएल देशभर में कंप्रेस्ड बायो-गैस सीबीजी संयंत्र स्थापित कर रहा है। उत्तरप्रदेश के बदायूं में 14 टन प्रतिदिन क्षमता का एक पुआल-आधारित सीबीजी संयंत्र स्थापित किया गया है। ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन में कमी, कृषि अवशेषों और जैविक कचरे का कुशल उपयोग व कृषि में उच्च गुणवत्ता वाली जैव-खाद का उत्पादन व देशभर में 5000 सीबीजी संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। पांच हजार महिलाओं को रोजगार दिया- अंकित जेड ब्लैक अगरबत्ती के प्रबंध साझेदार अंकित अग्रवाल ने उद्यमिता की एक प्रेरक कहानी साझा करते हुए बताया कि कैसे छोटी शुरुआत से भी व्यवसाय में असीमित संभावनाएं तलाशी जा सकती है। उन्होंने कहा कि जेड ब्लैक अगरबत्ती आज भारत की एक प्रमुख ब्रांड के रूप में स्थापित है, जो उत्कृष्ट उत्पादों के लिए जानी जाती है। जेड ब्लैक ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कंपनी ने 5000 से अधिक अकुशल महिलाओं को रोजगार प्रदान कर सकारात्मक बदलाव लाया है। जेड ब्लैक की यह गाथा युवा उद्यमियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *