राज्य सरकार ने राष्ट्रपति-पुलिस पदक के लिए 27 नाम केंद्र को भेजे

राज्य सरकार ने इस बार राष्ट्रपति पदक-पुलिस पदक के लिए 27 नामों की अनुशंसा की है। सूची केंद्रीय गृह विभाग को भेज दी गई है। इनमें आईपीएस अफसर से लेकर सिपाही तक शामिल हैं। केंद्र सरकार की समीक्षा के बाद तय होगा कि िकसे कौन सा पदक दिया जाएगा। नाम तय होने के बाद गणतंत्र दिवस के अवसर पर इन्हें सम्मानित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, विशिष्ट सेवा के लिए जैप के आईजी राजकुमार लकड़ा आैर झारखंड पुलिस अकादमी की निरीक्षक विजेयता के नाम की अनुशंसा की गई है। आईजी लकड़ा जनवरी 2025 में रिटायर भी हो रहे हैं। यदि उन्हें यह पदक मिला, तो उनकी विदाई पदक के साथ होगी। इसके अलावा कुल 23 पुलिस अफसरों आैर पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पदक की अनुशंसा की गई है। पिछले दिनों पुलिस मुख्यालय से मिले विभिन्न प्रस्तावों के आधार पर हुई बैठक में गहन समीक्षा के बाद योग्य पुलिस अफसरों आैर कर्मियो के नामों पर सहमति बनी। इन अफसरों को सराहनीय सेवा के लिए पदक देने की अनुशंसा अपराध अनुसंधान विभाग के आईजी असीम विक्रांत मिंज, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी डॉ. माइकल राज एस, दुमका प्रक्षेत्र के आईजी क्रांति कुमार गड़िदेशी, आईजी ट्रेनिंग ए विजया लक्ष्मी, पलामू प्रक्षेत्र के आईजी नरेंद्र कुमार सिंह, एसीबी के डीआईजी शैलेंद्र कुमार वर्णवाल, विशेष शाखा के डीएसपी नीरज कुमार, जैप वन के डीएसपी संजय कुमार, झारखंड पुलिस वायरलेस के पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार आैर अवर निरीक्षक नीरज कुमार, एसटीएफ के अवर निरीक्षक गणेशचंद्र पान के नाम शामिल हैं। इसके अलावा एसटीएफ के सहायक अवर निरीक्षक शमीमा खातून, विजय कुमार, अरविंद पालित, संजीव झा, वशिष्ठ कुंवर के नाम की अनुशंसा की गई है। जबकि 8 अन्य हवलदार व अनारक्षितों के लिए भी पदक की अनुशंसा की गई है। पिछले गणतंत्र दिवस पर 36 अफसरों को मिला था पदक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस-2024 के अवसर पर झारखंड के दो आईपीएस अधिकारियों सहित कुल 36 पुलिस पदाधिकारियों-कर्मियों को पुलिस पदक से नवाजा था। इनमें 23 पुलिस अफसर व पुलिसकर्मियों को वीरता पदक, 12 पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक और एक पुलिस अफसर को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *