झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से 11वीं से 13वीं राज्य सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा के 10 माह बाद भी रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। इससे इस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी नाराज और आक्रोशित हैं। रिजल्ट जारी करने को लेकर आयोग कार्यालय के समक्ष अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। रात में भी आयोग कार्यालय के समक्ष अभ्यर्थी डटे हुए हैं। धरना पर बैठ अभ्यर्थियों ने कहा कि मुख्य परीक्षा का रिजल्ट का डेट घोषित किए जाने के बाद ही आंदोलन समाप्त होगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस बार आश्वासन लेकर नहीं जाएंगे। आयोग को रिजल्ट घोषित करने का डेट बताना होगा। कहा कि फर्स्ट और सेकेंड जेपीएससी समेत अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ी सामने आ चुकी है। इसलिए विलंब होने के कारण गड़बड़ी को लेकर संशय बढ़ता जा रहा है। 11वीं से 13वीं राज्य सिविल सेवा के तहत 342 पदों पर नियुक्ति की जानी है। सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा पिछले साल 22 से 24 जून तक राजधानी के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी।


