अमृतसर | भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते अमृतसर बस स्टैंड से जम्मू, हरियाणा और हिमाचल रोडवेज की बस सर्विस प्रभावित हो गई है। तीनों राज्यों में बस स्टैंड से रोजाना 63 बसें आवागमन करती हैं और करीब 3 हजार यात्री प्रभावित हुए। अंतरराज्यीय शहीद मदन लाल ढींगरा बस स्टैंड में भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते सवारियां कम हो गई हैं। शुक्रवार को बस स्टैंड खाली-खाली नजर आया। वहीं जम्मू, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश रोडवेज की सर्विस काफी प्रभावित रही। यहां तक कि हाल की घड़ी में जम्मू की सर्विस पूरी तरह बंद कर दी गई है, जबकि बस स्टैंड से रोजाना जम्मू के लिए 30 बसों का आवागमन होता है। शुक्रवार को 2 बजे के बाद जम्मू वाले काउंटर से कोई भी बस नहीं चली, जो बसें चली वो भी लखनपुर तक जा रही हैं। यानि जम्मू जाने वाली बसें पूरी तरह बंद है।


