नवसृजित 105 पदों पर पोस्टिंग नहीं होने की खबर नौ मई को दैनिक भास्कर में छपने के बाद ऊर्जा विभाग ने कदम उठाया है। विभाग के संयुक्त सचिव सौरभ कुमार सिन्हा ने एक आदेश जारी कर विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत कार्य अंचल, रांची को निर्देश दिया है कि वह नवसृजित कार्य प्रमंडल दुमका और जमशेदपुर में यथाशीघ्र सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, प्रधान लिपिक, लेखा लिपिक, पत्राचार लिपिक और अनुसेवक का पदस्थापन या प्रतिनियुक्ति करके जल्द से जल्द विभाग को सूचित करें। विभाग ने अधीक्षण अभियंता के अनुरोध पत्र 25 अप्रैल 2025 का जिक्र करते हुए उन्हें इसके लिए अधिकृत किया है। इसके बाद यह उम्मीद की जा रही है कि अन्य नवसृजित कार्य प्रमंडल में सृजित पदों पर शीघ्र पदस्थापन और प्रतिनियुक्ति हो सकती है। अभी मुख्य नवसृजित पद अभियंता प्रमुख एवं फरवरी से रिक्त पड़े मुख्य अभियंता समेत अन्य प्रमंडल एवं अंचलों में अन्य पदों पर पदस्थापन करना शेष है। वर्तमान में विभाग में केवल एक ही अधीक्षण अभियंता हैं, जबकि एक और अधीक्षण अभियंता का पद सृजित किया गया है, जिस पर पदस्थापन होना बाकी है।


