पाकुड़ शहर के मुख्य डाकघर में सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। भगतपाड़ा के पास स्थित डाकघर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने डाकघर कर्मियों और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। आग में डाकघर के 6-7 कंप्यूटर सिस्टम, सर्वर, इनवर्टर, बैटरी, सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर और कुछ कागजात जल गए। आसपास के लोगों ने दी जानकारी उप डाकपाल अनाथ कुमार दास ने बताया कि शुक्रवार शाम को डाकघर बंद करने के बाद वे घर चले गए थे। शनिवार सुबह आसपास के लोगों से आग की सूचना मिली। उन्होंने इस घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है। अग्निशमन पदाधिकारी रमेश कुमार सिंह के अनुसार, इनवर्टर के पास से आग शुरू हुई। सुरक्षा के लिए बिजली विभाग ने शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। डाकघर में स्थित पोस्ट पेमेंट बैंक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। अगर आग ज्यादा फैलती तो बैंक में रखी महत्वपूर्ण फाइलें भी जल सकती थीं। डाकघर में हो चुकी है चोरी डाकघर में इससे पूर्व चोरी की भी घटना घट चुकी है। बताया गया कि डाकघर काफी पुराना हो चुका है और डाकघर का वायरिंग भी काफी जर्जर है। इस वजह से आग लगने की घटना हुई है। फिलहाल मौके पर पहुंचे विभाग के कर्मी नुकसान का आकलन करते देखे गए। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेती देखी गई।


