लुधियाना में राशन की दुकानों पर टीम की छापेमारी:3 दिन में 10 हजार प्रवासी लौटे घर, डीसी बोले-नियंत्रण में स्थिति

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते लुधियाना जिले से मजदूरों का पलायन शुरू हो गया है। पिछले तीन दिनों में होजरी, साइकिल और टेक्सटाइल यूनिटों से करीब 10 हजार मजदूर अपने घर लौट चुके हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनें पूरी तरह भर चुकी हैं। मजदूर बीमारी और शादी का बहाना बनाकर बिना टिकट ट्रेनों में सवार हो रहे हैं। डीसी ने लोगों को घबराने से किया मना डीसी हिमांशु जैन ने वीडियो जारी कर लोगों से घबराने से मना किया है। उन्होंने कहा कि जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मजदूरों को किसी तरह की समस्या होने पर जिला प्रशासन की हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा गया है। जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को टीम ने शहर की एक दर्जन से अधिक राशन की दुकानों पर छापेमारी की। डीसी ने बताया कि लोग घबराहट में राशन स्टॉक कर रहे हैं। उन्होंने राशन की जमाखोरी और ओवर चार्जिंग करने वाले दुकानदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। रात के धार्मिक कार्यक्रम हुए रद्द वहीं तनाव के कारण शहर में रात को होने वाले सारे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजकों की तरफ से रद्द कर दिए हैं। शहर में शनिवार की रात दरेसी में होने वाले विशाल भगवती जागरण को भी रद्द कर दिया है। जिसमें कलाकार कन्हैया मित्तल व संदीप सूद ने पहुंचना था और एक माह से तैयारियां चल रही थी। वहीं कई जगहों पर भी आज धार्मिक आयोजन रखे थे, जोकि सारे रद्द कर दिए हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी डीसी लुधियाना हिमांशु जैन ने कहा कि लुधियाना के लोग किसी भी हेल्पलाइन के लिए जारी नंबर 0161-2403100 पर संपर्क कर सकते हैं और पुलिस से संबंधित हेल्पलाइन कंट्रोल रूम नंबर 112 पर काल कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *