लुधियाना जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो पोस्ट करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लुधियाना में पाकिस्तान द्वारा मिसाइल और ड्रोन गिराने की झूठी वीडियो शेयर की थी। दोनों आरोपी 20 से 22 वर्ष के हैं। डीसीपी ने दी चेतावनी लुधियाना के डीसीपी रूपिंदर सिंह बराड़ के अनुसार प्रशासन लगातार लोगों को फर्जी खबरें और वीडियो शेयर न करने की चेतावनी दे रहा था। इसके बावजूद कुछ लोग ऐसी सामग्री शेयर कर रहे थे। इससे आम लोगों में डर का माहौल बन रहा था। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी ने फर्जी वीडियो बनाकर पोस्ट की, जबकि दूसरे ने उसे विभिन्न ग्रुप्स में शेयर किया। पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। ग्रुप एडमिन पर भी कार्रवाई डीसीपी बराड़ ने चेतावनी दी है कि भड़काऊ सामग्री शेयर करने वाले ग्रुप एडमिन पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जानकारी प्राप्त करें। पुलिस को दे सूचना डीसीपी ने बताया कि किसी भी तरह की जानकारी लेने संबंधी या फिर अगर कोई भी व्यक्ति किसी तरह की संदिग्ध चीज देखते हैं या फिर कोई शक्की व्यक्ति दिखता है या कोई फेक वीडियो डालता है, तो 112 पर या फिर 78370-18500 पर हमें जानकारी दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम व पहचान पूरी गुप्त रखेंगे।


