भास्कर न्यूज |केरेडारी सलगा गांव में शुक्रवार रात एक शादी समारोह अचानक मातम में बदल गया। बहूभात के लिये पुंदाग, रांची जा रहे सलगा निवासी सीताराम महतो (उम्र लगभग 48 वर्ष) की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई। इस दुर्घटना में इनकी पत्नी मध्य विद्यालय सलगा की सहायक अध्यापिका यशोदा देवी, पुत्र रौशन कुमार, भतीजा राजेश महतो समेत गांव के कृष्ण कुमार महतो के पुत्र रवि कुमार व डोमन महतो के पुत्र तुलेश्वर महतो बचरा-बुढ़मू रोड़ में खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पाहि के पास हुए सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टर के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना शुक्रवार रात लगभग 9 बजे की है। पाहि के पास सड़क पर गड्ढ़ा था। उसी में बचाने के चक्कर में गाड़ी (बोलेरो) असंतुलित होकर लगभग 40 फीट नीचे खाई में गिर गया। जिससे यह हादसा हुआ।सीताराम महतो अपनी पुत्री किरण कुमारी का विवाह रांची के जगरनाथपुर थाना अंतर्गत पुंदाग में बसंत महतो के पुत्र नरेश कुमार के साथ तय किया। शादी के निर्धारित तिथि अनुसार गत आठ मई की रात बारात आई। शादी हुई। वहीं 9 मई को सुबह बारात विदा हो गई। 9 मई को शाम आठ बजे सीताराम महतो पूरे परिवार व दोस्त समेत बहूभात के लिए तीन बोलेरो से बचरा-बुढ़मू होकर रांची के पुंदाग निकले। इसी बीच खलारी थाना अंतर्गत पाहि के पास हादसा हो गया। बुढ़मू पुलिस को सूचना मिलते ही गस्ती दल घटना स्थल पर पहुंच कर सभी घायलों को हॉस्पिटल भिजवाया। सीताराम महतो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घायलों में यशोदा देवी, राजेश महतो, रोशन कुमार व तुलेश्वर महतो को रांची स्थित रानी हॉस्पिटल तथा रवि कुमार को रांची के कटहल मोड़ स्थित रिंची हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इधर शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना से सिर्फ सलगा गांव में नहीं पूरे केरेडारी प्रखंड में शोक है। शोक व्यक्त करने वालों में प्रखंड के सभी शिक्षकों व विधायक रोशनलाल चौधरी, जेएलकेएम नेता बालेश्वर कुमार, कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह समेत मुखिया पार्वती देवी,भोला महतो, मनोज कुमार महतो, प्रदीप महतो, कुँवर प्रसाद साव, टिकेश्वर साव आदि का नाम शामिल है।


