मंडी में बाथरूम दोपहर 1 बजे बंद कर दिया जाता है, बदबू और गंदगी से ग्राहक व दुकानदार परेशान

भास्कर न्यूज|लुधियाना शहर की प्रमुख फल-सब्ज़ी मंडियों में शुमार जालंधर बायपास सब्ज़ी मंडी इन दिनों गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी से जूझ रही है। सार्वजनिक बाथरूम की समयपूर्व बंदी, कूड़े के ढेर, और सफाई व्यवस्था की अनदेखी से दुकानदारों और ग्राहकों में भारी रोष है। बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण व्यापारियों का धंधा भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदार अश्वनी कुमार ने बताया कि मंडी में बना सार्वजनिक बाथरूम पहले फ्रूट मंडी एसोसिएशन के अधीन था। उस समय एक निजी कर्मचारी इसकी देखभाल करता था और सफाई के बदले मात्र 10 रुपए चार्ज करता था। लेकिन जब से यह व्यवस्था एक ठेकेदार को सौंपी गई है, शुल्क बढ़ाकर 30 रुपए कर दिया गया है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि बाथरूम को दोपहर 1 बजे ही बंद कर दिया जाता है, जिससे दोपहर से लेकर देर रात तक आने वाले ग्राहकों और कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय युवक जतिन ने बताया कि दोपहर के बाद मजबूरी में लोगों को सड़क किनारे पेशाब करना पड़ता है, जिससे पूरी मंडी में बदबू का माहौल बन जाता है। इसका असर ना सिर्फ दुकानदारों पर पड़ता है, बल्कि ग्राहक भी गंदगी और दुर्गंध के कारण मंडी में रुकने से कतराते हैं। फ्रूट मंडी प्रधान अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को लेकर मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल से शिकायत की है। उन्होंने कहा कि सफाई का ठेका रोजाना का है, लेकिन ठेकेदार 15-15 दिन बाद पपीता मार्केट में सफाई करता है। यहां तक कि 20 अप्रैल के बाद से कोई सफाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले की तुलना में स्थिति और बदतर हो गई है। दुकानदार विनोद कुमार ने बताया कि उनके स्टॉल के बाहर पहले भी कूड़े के ढेर लगे रहते थे और अब भी वही स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दुकान के अंदर इतनी बदबू आती है कि ग्राहक पांच मिनट भी रुक नहीं पाते। हमने मेयर, डिप्टी कमिश्नर और मार्केट कमेटी अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब इस विषय में मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे धीरे-धीरे सभी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। जो ठेकेदार काम में लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं और जल्द ही जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी दुकानदार या ग्राहक को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। समस्याओं की पूरी सूची बनाई जा चुकी है और जल्द ही सुधार होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *