12वीं के रिजल्ट को लेकर दूसरे दिन एक और लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक लड़की हैबोवाल की रहने वाली है। जिसकी पहचान पलक (19) वासी मोहल्ला चंदर नगर के रूप में हुई है। ये घटना शनिवार दोपहर उस समय हुई जब घर पर कोई नहीं था। फिर जब लड़की का भाई घर आया तो कमरे में अपनी बहन को फंदे से लटकते हुए देख शोर मचाया। फिर लड़की को डीएमसी अस्पताल लेकर जाया गया। लेकिन वहां के डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। मामले में जांच अधिकारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को अस्पताल से घटना की जानकारी मिली थी। लड़की के भाई ने पुलिस को बयान दिए हैं कि मृतक पलक ने कुछ समय पहले ही 12वीं कक्षा के पेपर दिए थे, जिसका रिजल्ट कुछ दिनों तक आना था। इसी बात को लेकर पलक परेशान रहती थी। परिजनों को शक है कि इसी बात की वजह से ही लड़की ने फंदा लगाया है। जांच अधिकारी ने बताया कि फ़िलहाल लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है। बता दें कि शुक्रवार को भी 18 वर्षीय लड़की परी चंदेल ने शाम नगर अधीन थाना डिवीजन-5 में 12वीं कक्षा के रिजल्ट को लेकर फंदा लगाकर जान दे दी थी। मां ने घर में बेटी के शव को फंदे से लटका देखा था। परिजनों के बयान पर पर्चा दर्ज किया गया था।


