खन्ना में एक ज्वैलर को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। थाना सिटी-2 में ज्वैलर श्रीकांत वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है। श्रीकांत वर्मा को 9 मई को दोपहर 12:42 बजे एक फोन कॉल आया। कॉलर ने खुद को प्रेमा शूटर बताया। उसने कहा कि उसे वर्मा और उनके परिवार को मारने की सुपारी मिली है। कुछ मिनटों बाद उसी नंबर से दूसरी कॉल आई। धमकी दी गई कि 13 मिनटों में एक किलो सोना तैयार रखें। दोपहर 1:14 बजे एक अलग नंबर से तीसरी कॉल आई। इस बार धमकी दी गई कि या तो एक किलो सोना खन्ना ग्रीनलैंड होटल के सामने पुल पर रख दें, या फिर उनके बेटे गैविन को मार दिया जाएगा। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई की। कॉल डिटेल्स और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की गई। अभिषेक कुमार और निहाल पीरखाना रोड खन्ना के रहने वाले हैं। तीसरा आरोपी तीर्थ सिंह उर्फ मंगा राम नगर खन्ना का निवासी है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


