लुधियाना के थाना दाखा पुलिस ने एटीएम कार्ड का पिन चुराकर बैंक खाते से रुपए निकालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुमित कुमार लुधियाना के मोहल्ला कोट मंगल सिंह का रहने वाला है। आरोपी का तरीका बेहद चालाक था। वह एटीएम बूथ के बाहर खड़ा रहता और बुजुर्गों या एटीएम चलाना नहीं जानने वाले लोगों को अपना शिकार बनाता था। मदद करने के बहाने वह उनका पिन नंबर जान लेता था। रखता था कई बैंकों के एटीएम सुमित के पास विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड थे। वह पीड़ित का कार्ड चुराकर उसी बैंक का दूसरा कार्ड थमा देता था। पीड़ित को शक न हो इसलिए वह उसी बैंक का कार्ड देता था। फिर चोरी किए गए कार्ड से दूसरे एटीएम से पैसे निकाल लेता था। थाना दाखा के एएसआई कुलदीप सिंह के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।


