पीएम सुरक्षा बीमा से 1 लाख 33 हजार लोग ले रहे हैं लाभ

भास्कर न्यूज|सिमडेगा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी बीमा योजनाओं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लागू हुए 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं। 9 मई 2015 को इन योजनाओं के लागू होने के बाद काफी संख्या में लोगों ने इनका लाभ लिया है। सिमडेगा जिले में भी लोगों ने इन योजनाओं का लाभ मिला है और वे इसके लिए प्रधानमंत्री तथा केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दे रहे हैं। बैंक ऑफ़ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक सन्नी अभिजीत मिंज ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से लगभग 73 हजार और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लगभग एक लाख 33 हजार लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि निजी कंपनियों में बीमा का प्रीमियम अधिक होता है इसलिए सरकार की ओर से ये योजनाएं शुरू की गई है। ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग भी बीमा योजना का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि नए दिशा निर्देश के अनुसार बीमा का क्लेम करने के बाद सारे कागजात सही होने पर एक माह के अंदर राशि का भुगतान कर देना है। ठेठईटांगर प्रखंड के बाघचट्टा गांव निवासी मनोज मांझी ने कहा कि उनकी मां उर्मिला माझी खेतीबारी करके घर का खर्च चलाती थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का आवेदन पत्र भरा था। दो वर्ष पूर्व उनका देहांत हो गया। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। ऐसे समय मे उन्हें इस योजना से दो लाख रु. का लाभ मिला। यह उनके लिए बहुत बड़ी मदद रही। मनोज मांझी ने बताया कि उनके घर के कई लोगों ने इस योजना के तहत आवेदन पत्र भरा है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। वहीं सिमडेगा की सेवई बिशनपुर निवासी दिलेश्वरी देवी ने कहा कि उनके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। लेकिन ऐसी स्थिति में भी उनके पति ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का फॉर्म भरा था। कुछ पूर्व एक सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। वैसे समय में वे बहुत अधिक दुख और परेशानी में थी। लेकिन इस योजना से उन्हें दो लाख रु. मिले। जिससे उनका काफी मदद मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *