अमृतसर| खजाना गेट स्थित ऐतिहासिक श्री सिद्ध शक्तिपीठ माता भद्रकाली का सालाना मेला 23 मई को शुरू होगा। मंदिर के महंत परिवार की ओर से संगत के सहयोग से मनाए जाने वाले सालाना मेले में देश-विदेश के हजारों भक्त माथा टेकने पहुंचेंगे। महंत परिवार के मुताबिक 21 मई को 11 बजे मंत्रोच्चारण के साथ शुरू किया जाएगा। जिसमें सबसे पहले नवग्रह पूजन और उसके बाद अन्य देवी देवताओं, भद्रकाली और काली का आवाहन किया जाएगा। इसके बाद महंत परिवार की ओर से 101 ब्राह्मण को ब्रह्मभोज करवा कर मेले का शुभारंभ किया जाएगा। इस मेले में माथा टेकने आने वाले भक्तों के लिए झूलों, खाने पीने के स्टाल लगाए जाएंगे। वहीं सभा सोसायटी की ओर से साइकिल स्टैंड, मेडिकल कैंप की सेवा निभाई जाएगी। जबकि 22 मई को दोपहर 12 बजे महारानी का विशाल जागरण होगा। इसी दिन रात 9 बजे अमृतसर, जालंधर, सोनीपत, ग्वालियर और दिल्ली से आए महंत महामाई का गुणगान करेंगे। महंत परिवार का कहना है कि इस मेले में पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी होगी।


