धर्मेंद्र जायसवाल | चैनपुर नगर निगम क्षेत्र के चैनपुर पुरानचंद चौक से लेकर भट्टी चौक तक जर्जर मुख्य सड़क पर धूल उड़ने से लोग परेशान हैं। लोगों ने कहा कि धूल के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। चैनपुर-नेउरा मार्ग दूसरे राज्य को भी जोड़ता है। रंका, छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज, अंबिकापुर जाने में कम दूरी होने के कारण इस रास्ते पर काफी गाड़ियों का परिचालन है। इस कारण सड़क पर काफी धूल दिन भर उड़ते रहते हैं। इस समस्या से वहां के घर एवं दुकान वाले लोग प्रभावित होकर पिछले माह 10 अप्रैल को एकदिवसीय सड़क जाम नाकाबंदी का कार्यक्रम कर लगभग 5 घंटे तक सड़क को जाम रखा और आवाजाही को प्रभावित किया था। उस समय सीओ ने आश्वासन दिया था कि 2 दिन में बैठक कर परेशानी को दूर कर लिया जाएगा ।लेकिन महीना बीत जाने के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोग आज भी जर्जर सड़क पर चलने और धूलकण से मजबूर है। सड़क पर बड़ी-बड़ी गाड़ियों का परिचालन होने के कारण लोगों को धूलकण से जूझना पड़ रहा है। दुकानदार अपनी दुकान में प्लास्टिक का कवर लगाकर एवं मास्क लगाकर किसी तरह वहां पर जीवन यापन कर रहे हैं। ठेला खोमचे वाले की खाद्य सामग्री कंकड़ युक्त हो जा रहा है। पूर्व जिला पार्षद डॉ. मीना गुप्ता ने बताया कि लोगों को परेशानी हो रही है। लेकिन जिला प्रशासन का ध्यान नहीं है।


