विजय सिंह| आनंदपुर आनंदपुर का मन मसीह एक्का नामक किसान खेती बाड़ी में सबका मन मोह रहा है। वह जिले का ऐसा पहला किसान है जो अपनी मेहनत और लगन से इस गर्म जलवायु में भी कश्मीरी फल सेब की बागवानी कर रहा है। पांच साल से वह खेती में जुटा है। एक एकड़ जमीन में विभिन्न प्रकार के 180 आम के पौधे, एप्पल बेर, सेब के पौधे लगे हैं। वह इलाके के अन्य युवाओं के लिए बागवानी में रोल मॉडल बन रहे हैं। साल 2018-19 में मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण विकास विभाग बिरसा मुंडा बागवानी योजना के तत्वावधान में भालुडूंगरी निवासी मन मसीह एक्का (किसान) ने बागवानी की शुरुआत की। अब उसके पास सेब के अलावा 112 आम्रपाली एवं मल्लिका के अलावा गुलाबखस जैसे आम और कश्मीरी एपल बेर, चीकू व अन्य फल हैं। आम की फसल से सालाना 80 हजार रुपए तक की आमदनी हो जाती है, उनके बगान के आम को व्यापारी या अन्य लोग खरीदने के लिए उनके घर तक पहुंच जाते हैं। 2022 में जिले में डीडीसी रह चुके आदित्य रंजन, कृषि विभाग डायरेक्टर प्रमोद कुमार और मनरेगा लोकपाल डॉ. राज द्वारा आम बागवानी का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान बागवानी देखकर डीडीसी आदित्य रंजन समेत अन्य अधिकारियों ने खूब प्रशंसा की थी। गर्म जलवायु में भी हो सकती है सेब की खेती : मन मसीह एक्का के पूर्वज भी तरह-तरह की खेती किया करते थे। वहीं मनमसीह एक्का पूर्वजों के सपने को साकार करने में लगे हुए हैं। वह मेहनत से सेब और अंजीर जैसी फसल को इस गर्म जलवायु में भी उगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बगान में सेब के दो पेड़ हैं, जो मार्च से जून के अंत तक तैयार हो जाता है।


