सोशल मीडिया पर आतंकवाद के समर्थन में किया पोस्ट, गिरफ्तार

आतंकवाद के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को पुंदाग निवासी एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने की बात स्वीकारी है। उसके खिलाफ पुंदाग थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। रांची विधायक सीपी सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर इस पोस्ट पर रांची पुलिस का ध्यान आकृष्ट किया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा-नाबालिग ने सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें साझा की है, वह भड़काऊ है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। यही नहीं, यह भारतीय सेना का भी अपमान है। उसने वह झंडा शेयर किया है, जो कई आतंकी संगठनों की पहचान है। ऐसा करना न केवल राष्ट्रद्रोह है, बल्कि आतंकी मानसिकता का भी स्पष्ट संकेत है। सीपी सिंह ने कहा कि पुलिस को तुरंत उसे गिरफ्तार कर गहराई से जांच करनी चाहिए कि वह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा है। क्योंकि सोशल मीडिया पर ऐसे झंडे और पोस्ट करना खतरनाक मानसिकता को दर्शाता है। विधायक के इस पोस्ट के वायरल होने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई। खोजबीन शुरू हुई तो पता चला कि वह पुंदाग का है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *