थाना सदर पुलिस ने लवप्रीत हत्या मामले में 3 आरोपियों को काबू किया है। बीते 13 अप्रैल को स्माइल एन्क्लेव इलाके में 6 गोलियां मारकर लवप्रीत सिंह उर्फ लव की हत्या कर दी गई थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फतेहगढ़ चूड़ियां निवासी अमनप्रीत सिंह उर्फ बबलू, शेरा और लोहारका निवासी आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। डीसीपी लॉ एंड आर्डर आलम विजय सिंह ने बताया आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल .30 बोर की पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी अमनप्रीत सिंह उर्फ बबलू के भतीजे हर्षवीर सिंह को लवप्रीत सिंह और उसके साथियों ने पहले घायल किया था। इसी रंजिश के चलते अमनप्रीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर लवप्रीत की रेकी की और फिर मौका पाकर स्माइल एन्क्लेव में घुसकर गोलियां मारकर हत्या कर दी।


