भास्कर अपडेट्स:बेंगलुरु के कपल का दावा- दिल्ली एयरपोर्ट पर चेक-इन के वक्त बैग से चोरी हुए 30 लाख के जेवर

बेंगलुरु के एक कपल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनके चेक-इन बैगेज से करीब 30 लाख रुपए के आभूषण और 30000 रुपए चोरी हो गए। घटना 26 अप्रैल की सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर हुई। दंपत्ति ने दावा किया कि जब उन्होंने बेंगलुरु में अपना बैग चेक किया तो उन्हें कीमती सामान गायब था। शिकायतकर्ता भगीरथ सिंह राजपुरोहित ने बताया कि वह और उनकी पत्नी 14 अप्रैल को अपने गृह राज्य राजस्थान में एक शादी में शामिल होने गए थे और दिल्ली होते हुए बेंगलुरु लौट रहे थे। आज की अन्य बड़ी खबरें पढ़ें… महाराष्ट्र के ठाणे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत महाराष्ट्र के ठाणे शहर में रविवार रात ट्रक-बाइक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे कपूरबावड़ी ब्रिज के पास हुआ। नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रमुख यासिन तडवी के अनुसार, ट्रक चालक का नियंत्रण हट गया और उसने स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सवार सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है। तमिलनाडु में बर्थडे पार्टी के दौरान झगड़ा, दो दोस्तों की मौत तमिलनाडु में शनिवार रात एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुए झगड़े में दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की पहचान विमल और जगन के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे और कई आपराधिक मामलों में पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज थे। पार्टी के दौरान दोनों शराब के नशे में थे। इसी बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया। दोनों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस झगड़े में विमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जगन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मराइमलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस तीन संदिग्धों की तलाश कर रही है, जो झगड़े के बाद मौके से फरार हो गए थे। मामले की जांच जारी है। तिब्बत में भूकंप का झटका, रिक्टर स्केल पर 5.7 रही तीव्रता तिब्बत में सोमवार की सुबह 2 बजकर 41 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.7 मापी गई। ये जानकारी नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने दी। फिलहाल इस भूकंप से किसी जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। भूकंप के झटकों से कुछ इलाकों में हलचल मच गई, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बिहार के मोतिहारी में 10 लाख का इनामी खालिस्तानी आतंकी गिरफ्तार, संदिग्ध दस्तावेज और सामान बरामद बिहार की मोतिहारी पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने संयुक्त कार्रवाई में खालिस्तानी आतंकी कश्मीर सिंह उर्फ बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। NIA को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब का वांटेड आतंकी कश्मीर सिंह मोतिहारी में छिपा हुआ है। इसके बाद नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जिसमें आतंकी को दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आतंकी के पास से कई संदिग्ध दस्तावेज और सामान बरामद किए गए हैं। जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो यह पता लगा रही है कि आतंकी मोतिहारी कैसे पहुंचा और स्थानीय स्तर पर किससे संपर्क में था। एनआईए ने 2023 में कश्मीर सिंह उर्फ बलबीर सिंह पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वह देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियों और हिंसक साजिशों को अंजाम देने के आरोप में वांछित था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *